पानीपत नगर निगम को मिली नई ताकत: शिक्षा मंत्री ने स्ट्रीट लाइट व एंटी-स्मॉग वाहनों को किया रवान
जिला क्राइम रिपोर्टर सागर गोयल
पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 25 दिसंबर।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शुक्रवार को जिला सचिवालय परिसर से नगर निगम की पांच नई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में से तीन वाहन शहर की खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए लगाए जाएंगे, जबकि दो वाहन पानी छिड़काव और एंटी-स्मॉग कार्य के माध्यम से वायु प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर शहरी विधायक प्रमोद विज, मेयर कोमल सैनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि निगम को शहर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण केवल बेहतर स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
शिक्षा मंत्री ने नगर निगम को नियमित कचरा संग्रहण, सड़कों की सफाई और स्वच्छता से जुड़ी सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के कार्य में तेजी आएगी और पानी छिड़काव व एंटी-स्मॉग कार्यों से शहर का वातावरण स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त रखने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. विवेक चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे












