हाथरस में रिटायर्ड डॉक्टर के घर लाखों की चोरी, बदमाशों ने उड़ाए जेवरात व नकदी
संवाददाता – अश्वनी कुमार

हाथरस शहर के बीचो-बीच स्थित रामनगर कॉलोनी, मुरसान गेट में चोरों ने एक रिटायर्ड सरकारी चिकित्सक के बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय पूरा परिवार घर पर मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और कीमती सामान समेट ले गए। यह मकान जिला अस्पताल में नेत्र परीक्षण अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त डॉ. नीरव शर्मा का है। जानकारी के अनुसार, डॉ. शर्मा अपनी पत्नी के साथ दो दिन पहले अपनी बेटी के यहां गुरुग्राम गए हुए थे और घर पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान के ताले तोड़े और भीतर घुसकर कई अलमारियों को तोड़ डाला। अलमारियों के लॉकर खोलकर बदमाशों ने घर में रखा सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया।
चोर घर से करीब 8 लाख रुपये के जेवरात, 25 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एसबीआई बैंक के लॉकर की चाबी चोरी कर ले गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब डॉ. शर्मा के एक परिचित ने घर के दरवाजे खुले देखे और इसकी सूचना उन्हें दी। सूचना मिलते ही डॉ. शर्मा परिवार के साथ वापस लौटे तो घर की हालत देखकर सन्न रह गए। ताले टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। डॉ. शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
घनी आबादी वाली कॉलोनी में हुई इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।












