हाथरस में विवाहिता का उत्पीड़न, जेठ पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप

हाथरस में विवाहिता का उत्पीड़न, जेठ पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप

संवाददाता – अश्वनी कुमार

हाथरस में दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता के साथ ससुरालियों द्वारा उत्पीड़न किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना कोतवाली में पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने अपने जेठ पर दुष्कर्म की कोशिश का भी आरोप लगाया है। सहपऊ क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 26 अप्रैल 2021 को फतेहपुर सीकरी, आगरा निवासी युवक से हुई थी। शादी में उसके पिता ने करीब 12 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसमें दान-दहेज और अन्य उपहार शामिल थे। इसके बावजूद पति, सास, ससुर, जेठ और ननद दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और शादी के कुछ समय बाद ही 5 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। पीड़िता के अनुसार, दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। वह यह सोचकर सब कुछ सहती रही कि समय के साथ हालात सुधर जाएंगे। इसी दौरान उसने तीन बच्चों को जन्म दिया, जिनकी उम्र क्रमशः 3 वर्ष, 2 वर्ष और 9 माह है, लेकिन इसके बाद भी ससुरालियों का रवैया नहीं बदला। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 16 सितंबर 2025 की सुबह करीब 4 बजे उसका जेठ कमरे में घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरदस्ती दुष्कर्म करने की कोशिश की। किसी तरह विरोध करने पर वह बच सकी। जब उसने इस घटना की शिकायत अपने पति, सास और अन्य ससुरालियों से की तो सभी ने उल्टा उसे गालियां दीं और आरोप लगाया कि वह उनके बेटे को बदनाम करने के लिए झूठा आरोप लगा रही है। आरोप है कि इसके बाद ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की और बच्चों के बिना ही उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने रास्ते में एक राहगीर के मोबाइल से अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। पिता के मौके पर पहुंचने के बाद 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मदद से पीड़िता अपने बच्चों को लेकर मायके पहुंची।

फिलहाल इस मामले में महिला थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें