हाथरस में होटल में युवक की पिटाई, गोमांस परोसने का आरोप
संवाददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस में एक होटल में युवक के साथ जमकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने गोमांस परोसे जाने का विरोध किया, जिस पर होटल संचालक और उसके साथियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के मधुगढ़ी मोहल्ले स्थित एक होटल की बताई जा रही है। लाला का नगला निवासी फरमान पुत्र रईस के परिजनों के अनुसार, फरमान होटल में खाना खाने गया था। आरोप है कि होटल संचालक ने उसे गोमांस परोस दिया। जब फरमान ने गोमांस खाने से इनकार किया और इसका विरोध किया, तो होटल संचालक और वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में फरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया है। परिजनों का कहना है कि इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












