दामाद ने सास को सड़क पर घसीटकर मारी गोली, मौके पर मौत
संवाददाता अलोक मिश्रा प्रयागराज। प्रयागराज में गुरुवार शाम करीब 4:00 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ एक दामाद ने अपनी सास की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
यह मामला करैली थाना क्षेत्र के अकबरपुर पुरानी मस्जिद के पास का है। यहाँ मुस्ताक अपनी पत्नी आयशा खातून (50 वर्ष) के साथ रहते थे।
10 साल पुरानी लव मैरिज बनी हत्या की वजह
मृतका आयशा खातून की बेटी चांद बीबी की करीब 10 वर्ष पहले मोहम्मद इरफान से लव मैरिज हुई थी। दंपति के एक बेटा और एक बेटी भी हैं।
कुछ समय से इरफान और चांद बीबी के बीच लगातार विवाद चल रहा था, जिसके चलते चांद बीबी अपने मायके आकर रहने लगी थी।
सास को घसीटते हुए सड़क पर ले गया आरोपी
घटना वाले दिन आरोपी इरफान ससुराल पहुँचा, जहाँ विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में इरफान ने अपनी सास आयशा खातून को घर से घसीटते हुए बाहर सड़क पर ले गया और सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी का गंभीर आरोप
मृतका की बेटी चांद बीबी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका पति उससे सेक्स रैकेट का काम करवाना चाहता था, इसी बात को लेकर आए दिन झगड़े होते थे। इसी कारण वह अपने मायके में आकर रहने लगी थी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल आरोपी मोहम्मद इरफान फरार है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इलाके में दहशत का माहौल
इस जघन्य हत्या के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।












