मैनपुरी: पत्नी के फरार होने की रिपोर्ट दर्ज कराने को एसपी से लगाई गुहार, 6 माह का बेटा छोड़कर नगदी-जेवर लेकर गई
संवाद दाता:पंकज मिश्रा मैनपुरी मैनपुरी जनपद के थाना भोगांव क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव से एक मामला सामने आया है, जहां पीड़ित पति ने पत्नी के घर से फरार होने को लेकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित सत्यभान का आरोप है कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई है और जाते समय घर में रखा नगद धन व जेवरात भी साथ ले गई।
पीड़ित सत्यभान ने बताया कि उसकी पत्नी करीब कुछ समय पहले बिना बताए घर से चली गई। हैरानी की बात यह है कि पत्नी अपने साथ उनके 6 माह के मासूम बेटे को नहीं ले गई, बल्कि उसे घर पर ही छोड़कर फरार हो गई। इस घटना के बाद से पीड़ित और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान है।
सत्यभान का कहना है कि उसने इस संबंध में थाना भोगांव में शिकायत दी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से आहत होकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है और पत्नी की गुमशुदगी व नगदी-जेवर चोरी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कराने की मांग की है।
पीड़ित ने एसपी से आग्रह किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उसकी पत्नी को जल्द से जल्द बरामद किया जाए, ताकि मासूम बच्चे को मां का सहारा मिल सके। फिलहाल पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले को संज्ञान में लेने और संबंधित थाना प्रभारी को जांच के निर्देश देने की बात कही जा रही है।












