प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में दो सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई
संवाददाता: विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले दो पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन श्री शिव नारायण वैस एवं प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक श्री राजीव कुमार राय उपस्थित रहे।
आज दिनांक 31 दिसंबर 2025 को जनपद प्रतापगढ़ में नियुक्त हेड कांस्टेबल श्रीपाल यादव (फायर सर्विस, चालक) एवं अनुचर सिकंदर बक्स (कुक) के सेवानिवृत्त होने पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल तथा अन्य उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके द्वारा विभाग में दी गई निष्ठावान सेवाओं की प्रशंसा की। साथ ही उन्हें सेवानिवृत्त जीवन को सुखमय एवं स्वस्थ बनाए रखने की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को साइबर ठगी के प्रति भी जागरूक किया गया। बताया गया कि वर्तमान समय में फर्जी ट्रेजरी अधिकारी या पुलिस कार्यालय का कर्मचारी बनकर पेंशन से संबंधित दस्तावेज अधूरे होने का बहाना बनाकर फोन कॉल अथवा ऑनलाइन माध्यम से व्यक्तिगत जानकारी और ओटीपी मांगकर ठगी की जा रही है। ऐसे किसी भी फोन कॉल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की अपील की गई।
पुलिस विभाग द्वारा दी गई इस जानकारी का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मियों को साइबर अपराध से सुरक्षित रखना है, जिससे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें यूपी पुलिस में 32,679 पदों पर बंपर भर्ती, आज से शुरू होंगे आवेदन












