लखनऊ: आज जारी होगी यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 2.89 करोड़ नाम कटने की आशंका

लखनऊ: आज जारी होगी यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 2.89 करोड़ नाम कटने की आशंका

संवाददाता धर्मेंद्र चौहान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद आज प्रदेश की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। इसे लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा मतदाता सूची से जुड़े ताजा आंकड़े सार्वजनिक करेंगे।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम चेक कर सकेंगे। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार यूपी में अभी लगभग 15 करोड़ 44 लाख मतदाता पंजीकृत हैं, लेकिन पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद करीब 2 करोड़ 89 लाख नाम कटने की संभावना जताई जा रही है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, सूची से उन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जो स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो गए हैं, या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए। इसके अलावा करीब 1 करोड़ मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई, जिसको लेकर आयोग नोटिस जारी करेगा।
ड्राफ्ट सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन के लिए मतदाता 6 फरवरी तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें