मेरठ में चीनी कारोबारी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद – इलाके में शोक की लहर
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मवाना कस्बे में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर के एक प्रतिष्ठित चीनी कारोबारी हरिओम (50) ने अपनी ही दुकान के गोदाम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि हरिओम प्रतिदिन की तरह सुबह 6 बजे अपने घर से दुकान के लिए निकले थे।
कुछ देर बाद जब परिजनों और कर्मचारियों ने उन्हें दुकान में नहीं पाया, तो खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान दुकान के पीछे बने गोदाम में उनका शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजनों और नगरवासियों में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें आत्महत्या के पीछे के कारणों का ज़िक्र किया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हरिओम नगर के सम्मानित व्यापारियों में गिने जाते थे, और उनकी इस दुखद मृत्यु से पूरे मवाना कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है। आसपास के व्यापारियों व समाजसेवियों ने उनकी मौत पर गहरा दुख जताया है।
ये भी पढ़ें लखनऊ: बीजेपी कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर — “सिंदूर का बदला आतंकियों के खून से”












