एटा बेटी की शादी का बोझ बना मौत की वजह: 12 घंटे में पुलिस ने किया सामूहिक हत्याकांड का खुलासा।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जनपद में हुए दिल दहला देने वाले सामूहिक हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस जघन्य वारदात में किसी बाहरी नहीं, बल्कि घर के ही बेटे ने पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि बेटी की शादी के खर्च, पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी ने आरोपी को इस हद तक पहुंचा दिया कि उसने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। पुलिस के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र के नगला प्रेमी निवासी कमल शाक्य का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह कहासुनी धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई। गुस्से में आकर कमल ने छत से एक ईंट उठाई और पहले अपनी पत्नी पर हमला किया। इसके बाद उसने अपनी बेटी ज्योति, फिर अपनी मां और अंत में अपने पिता गंगासिंह शाक्य की बेरहमी से ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी कमल शाक्य टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और पारिवारिक तनाव के खतरनाक परिणामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












