रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, एक घायल
संवाददाता – अश्वनी कुमार हाथरस में अलीगढ़ रोड पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रूहेरी गांव के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले की पहचान हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र की साकेत कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय मुकेश कुमार शर्मा, पुत्र लक्ष्मी नारायण शर्मा के रूप में हुई है। मुकेश रूहेरी गांव के पास स्थित एक गलीचा फैक्ट्री में काम करते थे। गुरुवार रात वह फैक्ट्री से काम समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुकेश के परिजन और कॉलोनी के लोग अस्पताल पहुंच गए। मुकेश अपने पीछे दो बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
ये भी पढ़ें राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ 7–8 फरवरी को विराट कुश्ती दंगल का आयोजन












