मामूली विवाद में युवक पर टकोरे से हमला, पीड़ित की मां से भी मारपीट, न्याय को एसपी कार्यालय पहुंचा फरियादी
संवादाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी — जनपद मैनपुरी के थाना बेवर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद के चलते दबंगों ने एक युवक पर टकोरे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि बीच-बचाव करने आई पीड़ित की मां के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना ग्राम खजुरिया की है, जहां पुरानी कहासुनी को लेकर नामजद आरोपियों ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने टकोरे जैसे धारदार हथियार से युवक पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंची उसकी मां को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मामले में सही धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया और आरोपियों को बचाने का प्रयास किया। इससे आहत होकर पीड़ित अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए न्याय की गुहार लगाई।पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। यह भी आरोप लगाया गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित और उसके परिवार को जान-माल का खतरा बना रहेगा।
मामला थाना बेवर क्षेत्र के ग्राम खजुरिया का बताया जा रहा है। एसपी कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद अधिकारियों ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।












