बकुलाही नदी में डूबकर तीन सगी बहनों समेत चार बच्चियों की दर्दनाक मौत
चार बच्चियों की दर्दनाक मौत, एक को ग्रामीण ने बचाया
प्रतापगढ़ (कुंडा): महेशगंज थाना क्षेत्र के डिहवा जलालपुर गांव में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में चार मासूम बच्चियों की बकुलाही नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन सगी बहनें और एक पड़ोसी की बेटी शामिल है। हादसा उस समय हुआ जब सभी बच्चियां घर व चूल्हा लीपने के लिए नदी से मिट्टी लेने गई थीं। इसी दौरान गहराई में चली जाने से चारों डूबने लगीं। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने एक बच्ची को किसी तरह सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन बाकी चार को नहीं बचाया जा सका।
घटना की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही महेशगंज थानाध्यक्ष, कुंडा कोतवाली पुलिस, एसडीएम कुंडा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी और एडिशनल एसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। राजा भइया ने कहा कि यह पीड़ा शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। उन्होंने पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की सरकारी सहायता और जनसत्ता दल परिवार की ओर से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की।
ये भी पढ़ें पारीछा टहरौली लिफ्ट कैनाल की मांग हेतु उपजिलाधिकारी को दिया ज्ञापन












