सटरिंग खोलते समय भरभराकर गिरा मकान का लेंटर, 50 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत
संवादाता: पंकज मिश्रा मैनपुरी जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बीकापुर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मकान की सटरिंग खोलते समय अचानक लेंटर भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान निर्माण कार्य के बाद लेंटर की सटरिंग हटाई जा रही थी, तभी अचानक पूरा लेंटर नीचे आ गिरा। लेंटर गिरते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़े, लेकिन तब तक व्यक्ति की जान जा चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कुरावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मलबे से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम (विच्छेदन) के लिए भिजवाया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला निर्माण कार्य में लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें रिश्तों की मर्यादा टूटी, दर्दनाक अंत: चाची-भतीजे ने एक ही फंदे से की आत्महत्या, गांव में सनसनी।












