दुकान में लटका मिला परचूनी दुकानदार का शव, क्षेत्र में शोक की लहर
संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस
हाथरस जनपद के मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव टिमरली में एक परचूनी दुकानदार द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह उसका शव दुकान के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय श्रीनिवास पुत्र ज्ञान सिंह रोज की तरह अपनी दुकान पर थे, लेकिन सुबह जब ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचे तो दुकान बंद मिली। संदेह होने पर लोगों ने अंदर झांककर देखा तो श्रीनिवास का शव फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर लोगों ने तुरंत अन्य ग्रामीणों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया। सूचना मिलते ही मुरसान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक श्रीनिवास अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों ने इस कदम के पीछे किसी स्पष्ट कारण की जानकारी होने से इनकार किया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












