एटा में कुंडल छिनैती का खुलासा: दो शातिर बदमाश दबोचे गए, तमंचा बरामद
संवादाता अमन अहमद।
एटा जिले की कोतवाली नगर पुलिस ने कुंडल छिनैती की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए कुंडल और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, वर्मा नगर निवासी संतोष रानी पत्नी विजेंद्र सिंह ने बुधवार दोपहर को कोतवाली नगर थाने में लिखित तहरीर दी थी। पीड़िता ने बताया था कि स्प्लेंडर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके कुंडल छीन लिए और मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस निधौली रोड रेलवे लाइन के किनारे जीटी रोड की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर बने खंडहर के पास चेकिंग कर रही थी, तभी दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश खान पुत्र फकीरा निवासी कौनसी डेरा थाना साकेत और अमर पुत्र नूर निवासी कोच्ची डेरा बंजारा थाना साकेत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से छीने गए कुंडल और एक अवैध तमंचा बरामद किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी राकेश खान के खिलाफ जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सात गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अमर के विरुद्ध एक एफआईआर पहले से दर्ज है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली नगर प्रेमपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक बर्त्सल, उपनिरीक्षक पारस त्यागी और हेड कांस्टेबल शैलेंद्र उपाध्याय शामिल रहे।












