सार्वजनिक चक रोड खुलवाने को ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, रास्ता बंद करने का आरोप
संवादाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी जनपद के थाना घिरोर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरी पिपरा मौज कोसमा हिनूद में सार्वजनिक चक रोड को अवरुद्ध किए जाने का मामला सामने आया है। रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल चक रोड खुलवाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि अजीत, मनोज और सतेंद्र द्वारा सार्वजनिक चक रोड को बंद कर दिया गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और बीमार लोगों को गांव से बाहर निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि यह रास्ता वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में है, बावजूद इसके इसे निजी बताकर अवैध रूप से बंद किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर जांच कराकर अवैध कब्जा हटवाने और चक रोड को शीघ्र खुलवाने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
यह पूरा मामला मैनपुरी जनपद के घिरोर तहसील क्षेत्र का है, जहां प्रशासन की कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।












