जलेसर–सदाबाद मार्ग पर भीषण हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौके पर मौत, गांव में पसरा मातम
संवाददाता: योगेन्द्र सिंह
जलेसर (एटा), 22 फरवरी 2026। जनपद एटा के जलेसर कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। जलेसर–सदाबाद मार्ग पर नगवाई वाले बम्बे के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर लगभग 2 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों भाई अपने गांव से महानमई होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतकों की पहचान लालाराम उर्फ मोटे एवं लाल सिंह के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे। एक ही परिवार के दो जवान बेटों की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।
सूचना पर जलेसर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जलेसर–सदाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन लगातार बढ़ रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए, स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
एक ही परिवार के दो भाइयों की इस दर्दनाक मौत से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। हर आंख नम है और हर जुबान पर यही प्रार्थना है कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दे तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करे।












