श्री बांके बिहारी मंदिर में होली पर नई व्यवस्था
घर बैठे होंगे ठाकुर जी के लाइव दर्शन, शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
मंडल संवाददाता: अमित चौहान चौहान
मथुरा। होली एवं रंगभरनी एकादशी के अवसर पर श्री बांके बिहारी मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। मंदिर प्रबंधन ने पहली बार व्यापक स्तर पर लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है, जिससे भक्त घर बैठे ठाकुर जी के दर्शन कर सकेंगे। साथ ही मंदिर परिसर के बाहर भी विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर लाइव दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मंदिर की हाईपावर प्रबंध कमेटी द्वारा इस नई व्यवस्था की योजना तैयार की गई है। लक्ष्मण शहीद स्मारक स्थित सभागार में विभिन्न कंपनियों के प्रस्तुतीकरण के बाद नोएडा की एक कार्यदायी संस्था को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंदिर के सेवायत एवं कमेटी सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि ऑनलाइन दर्शन के लिए एक विशेष वेबसाइट तैयार की जा रही है। सभी तैयारियां 26 फरवरी तक, रंगभरनी एकादशी से एक दिन पूर्व, पूर्ण कर ली जाएंगी।
मंदिर के गेट संख्या 1, गेट संख्या 5, जगमोहन के ऊपर, गेट संख्या 3 की गली, विद्यापीठ चौराहा तथा जादौन पार्किंग के समीप एलईडी स्क्रीन स्थापित की जा रही हैं। इससे मंदिर के आसपास मौजूद श्रद्धालु भी भीड़ में धक्का-मुक्की के बिना ठाकुर जी के दर्शन कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि मंदिर परिसर में फोटो और वीडियो लेने पर लगाए गए प्रतिबंध संबंधी बोर्ड भी हटा दिए गए हैं।
वृंदावन में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रंगभरनी एकादशी पर संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक यातायात योजना लागू की है। 26 फरवरी की रात 8 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। नगर की ओर आने वाले सभी कॉमर्शियल और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर मल्टीलेवल पार्किंग से आगे किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा। कृष्णा विहार गोलचक्कर, पानीघाट तिराहा (यमुना पुल), सुनरख रोड और परिक्रमा मार्ग की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। गोपाल रेस्टोरेंट और मसानी चौराहे से वृंदावन की ओर भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोक दी जाएगी। यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले व्यावसायिक एवं भारी वाहनों को मथुरा ट्रांसपोर्ट चौराहा, गोकुल बैराज मोड़ और लक्ष्मीनगर तिराहा होकर भेजा जाएगा। वृंदावन कट से एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को भी मथुरा की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा। सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहनों को सभी प्रतिबंधों से छूट दी गई है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से निर्धारित यातायात योजना का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की












