प्रतापगढ़ बाघराय में अवैध संबंध के चलते पति की हत्या का सनसनीखेज खुलासा
संवाददाता अमित शुक्ला
थानाध्यक्ष बाघराय के नेतृत्व में 4 आरोपी और एक बाल अपचारी गिरफ्तार, जेवरात व वाहन बरामद
कुंडा प्रतापगढ़।बाघराय पुलिस ने गहन छानबीन और सर्विलांस टीम की मदद से एक हृदयविदारक हत्याकांड का खुलासा करने में सफलता पाई है। अवैध संबंधों के चलते पति की हत्या की खौफनाक साजिश रचने के आरोप में चार अभियुक्त और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इस जघन्य अपराध में इस्तेमाल किए गए वाहन और मृतक की पत्नी के अहम जेवरात भी बरामद किए हैं, जिससे पूरी वारदात की परतें खुलीं। थाना प्रभारी बाघराय और उनकी टीम का यह सराहनीय कार्य रहा।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के सख्त निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय व क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में की गई। बाघराय थाना पुलिस ने दिनांक 26.02.2026 को गंगा एक्सप्रेसवे के नीचे ग्राम गोगौरी के पास से सभी आरोपियों को दबोचा।गोगौर गाँव निवासी संगीता पत्नी शेषमणि ने बाघराय थाने में एक प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें बताया गया था कि उनके पति शेषमणि, जो ग्राम प्रधान पिंटू सिंह के यहाँ काम करते थे, दिनांक 06.01.2026 को घर लौटते समय हाईवे स्थित छोटी पुलिया के पास अज्ञात हमलावरों द्वारा धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर दिए गए थे। शेषमणि को प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। शुरुआती जाँच के बाद मु0अ0सं0 11/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन गहन विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर इसमें धारा 103(1)/61(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त सचिन यादव ने पूरी वारदात का खुलासा किया। सचिन ने बताया कि मृतक शेषमणि की पत्नी संगीता के साथ उसके लंबे समय से अवैध संबंध थे। जब शेषमणि को इन संबंधों की भनक लगी तो वह संगीता को परेशान करने लगा। संगीता ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए सचिन पर दबाव बनाना शुरू किया। यहाँ तक कि संगीता ने अपने जेवरात सचिन को सौंप दिए और कहा कि इन्हें बेचकर शेषमणि की हत्या करवा दे। सचिन ने फिर अपने तीन अन्य साथियों, नागेश कुमार यादव, तस्लीम और अभिषेक गौतम के साथ मिलकर शेषमणि की हत्या की सुपारी 20,000 रुपये अग्रिम और 50,000 रुपये काम होने के बाद के लिए तय की।दिनांक 06.01.2026 की रात जब शेषमणि प्रधान के घर से अपना काम निपटाकर गाँव लौट रहे थे, तो सचिन, नागेश, तस्लीम और अभिषेक गौतम ने गंगा एक्सप्रेसवे हाईवे के पास अपने गाँव को जाने वाली पक्की सड़क पर पहले से घात लगा रखी थी। योजना के अनुसार, सचिन, नागेश और अभिषेक ने शेषमणि को पीछे से धर दबोचा, जबकि तस्लीम ने अपने पास पहले से तैयार लोहे की रॉड (जिसमें साइकिल का दांतेनुमा चक्र लगा था) से सीधे शेषमणि के सिर पर जानलेवा प्रहार कर दिया। शेषमणि मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गए और बाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।इस मामले में सचिन यादव (पुत्र बृजेश यादव, निवासी गोगौर, थाना बाघराय, उम्र करीब 22 वर्ष), नागेश कुमार यादव (पुत्र अजय कुमार यादव, निवासी नेवाजी का पुरवा पुवांसी, थाना बाघराय, उम्र 21 वर्ष), तस्लीम (पुत्र मो0 मुस्लिम, निवासी पनाह नगर, थाना महेशगंज, उम्र करीब 19 वर्ष) और अभियुक्ता संगीता यादव (पत्नी शेषमणि यादव, निवासी गोगौर अहिरान, थाना बाघराय, उम्र करीब 30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने सचिन यादव के कब्जे से मृतक की पत्नी के वे जेवरात बरामद किए हैं, जिनमें एक माला मय लॉकेट (पीली धातु), एक करधनी (सफेद धातु), एक जोड़ी पायल (सफेद धातु), दो जोड़ी कुल 12 नग बिछुआ (सफेद धातु), एक जोड़ी झुमका (पीली धातु) और चार नग पैर का कड़ा (सफेद धातु) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल (संख्या UP 72 AU 6890) भी बरामद कर नियमानुसार जब्त की गई है।इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी बाघराय श्रवण कुमार, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, महिला उपनिरीक्षक कीर्ति रमन, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, कांस्टेबल सचिन ठेनुआ, महिला कांस्टेबल संजू देवी और चालक हेड कांस्टेबल राजाराम सिंह के साथ सर्विलांस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।












