जनपद एटा में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से एटा में 1.74 लाख से अधिक परिवारों को होली पर मुफ्त रिफिल
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। जनपद एटा में होली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1,74,000 से अधिक लाभार्थी परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल प्रदान किया गया। प्रदेश स्तर पर करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से 1.86 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को इस योजना का लाभ दिए जाने की जानकारी दी गई है।
जिला खाद्य अधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि उज्ज्वला योजना महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को वर्ष में दो बार निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराया जाता है। होली के अवसर पर जनपद के 1.74 लाख से अधिक उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त रिफिल उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे महंगाई के दौर में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत के जनेश्वर मिश्र सभागार परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश ने सभी लाभार्थियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना हर पात्र परिवार तक पहुंचाई जा रही है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र गृहिणी को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे धुएं से होने वाली बीमारियों में कमी आई है और महिलाओं के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य की रक्षा की है तथा पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मारहरा रवी वर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि निधौलीकलां सुनील यादव, क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक सहित विभिन्न तहसीलों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।
प्रदेश सरकार की यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है और ‘स्वस्थ परिवार, समृद्ध प्रदेश’ के संकल्प को मजबूती दे रही है।












