प्रयागराज : पार्षद के भाई का फांसी के फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, क्षेत्र में फैली सनसनी
संवाददाता आलोक मिश्रा की रिपोर्ट
प्रयागराज जनपद के फाफामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोराहूं गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब शांति पुरम के पार्षद सुरेंद्र यादव के बड़े भाई अंजीत यादव (उम्र 37 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि अंजीत यादव का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए और परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फाफामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों द्वारा इस मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। उनका कहना है कि यह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। परिजनों की आशंका को देखते हुए पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।












