आगरा रेंज के डीआईजी का फिरोजाबाद में दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्थाओं की ली समीक्षा
मंडल संवाददाता अमित चौहान

फिरोजाबाद। Deepak Kumar (पुलिस उपमहानिरीक्षक, आगरा रेंज) द्वारा जनपद फिरोजाबाद पुलिस का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण 12 व 13 मार्च 2026 को किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय तथा पुलिस लाइन स्थित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने पुलिस लाइन में आयोजित परेड का निरीक्षण किया तथा जवानों की अनुशासन, प्रशिक्षण और तैयारियों को परखा। इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के एक-एक थानों का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और जनसुनवाई की प्रक्रिया की जांच की।
इस दौरान पुलिस लाइन में नवीनीकृत आदर्श बैरक तथा पुलिस कार्यालय में विभिन्न शाखाओं के नवीनीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया गया। साथ ही रिक्रूट हॉस्टल का लोकार्पण कर पुलिस कर्मियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान डीआईजी ने जनप्रतिनिधियों, पुलिस पेंशनर्स और पत्रकार बंधुओं के साथ गोष्ठी भी की। इस बैठक में कानून व्यवस्था, पुलिस-जन सहयोग और जनसमस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।
डीआईजी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सुरक्षा और त्वरित न्याय दिलाना है। इसके लिए पुलिस बल को लगातार आधुनिक संसाधनों और बेहतर व्यवस्थाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। साथ ही पुलिस कर्मियों को अनुशासन, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।












