प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा: सपा नेता अंसार अहमद समेत 3 हिरासत में, 12 पर केस दर्ज, राहत कार्य जारी
संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज –
फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर गांव स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सपा नेता अंसार अहमद को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उनके बेटे मंजूर और भतीजे अलाउद्दीन को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में अब तक 7 नामजद एवं 5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उधर, हादसे के करीब 20 घंटे बाद भी राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस, प्रशासन और बचाव दल युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। स्थानीय ग्रामीण भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। गौरतलब है कि यह हादसा फाफामऊ के चंदापुर गांव स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में हुआ था, जहां अचानक संरचना गिरने से कई मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई गई थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












