प्रयागराज: सकरी पुलिया बनी जानलेवा, चौड़ी सड़क के बावजूद हादसों का सिलसिला जारी
संवाददाता आयुष मिश्र
प्रयागराज। श्रृंगवेरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लखनऊ सेलिंग मार्ग पर भगवतीपुर होते हुए आनापुर जाने वाली सड़क का हाल इन दिनों लोगों के लिए जानलेवा बनता जा रहा है। सड़क का चौड़ीकरण तो कर दिया गया है, लेकिन पुलिया अब भी पुरानी और सकरी होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क चौड़ी होने के कारण वाहन चालक तेज रफ्तार और चौड़ी लेन के हिसाब से गाड़ी चलाते हैं, लेकिन जैसे ही नाले के पास बनी सकरी पुलिया आती है, संतुलन बिगड़ जाता है और वाहन सीधे नाले में जा गिरते हैं। इस खतरनाक स्थिति के चलते अब तक कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
बीती रात हुआ बड़ा हादसा
मंगलवार देर रात करीब 10:30 बजे एक बोलेरो पिकअप (207) भगवतीपुर से आनापुर की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन नाले के पास पहुंचा, ड्राइवर सड़क की चौड़ाई के अनुसार गाड़ी चला रहा था और अचानक सकरी पुलिया आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि घायल चालक प्रतापगढ़ जिले के गढ़ी मानिकपुर कुंडा का निवासी है। वाहन मालिक ने बताया कि सड़क के चौड़ीकरण के बाद पुलिया का निर्माण या विस्तार नहीं किया गया है, जिससे यह हादसे लगातार हो रहे हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार क्षेत्रीय विधायक से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला है। पुलिया का चौड़ीकरण आज तक नहीं कराया गया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पुलिया का निर्माण या चौड़ीकरण नहीं किया गया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पुलिया चौड़ीकरण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सके।












