नेजा चढ़ाने आए युवक की चाकू से हत्या, झाड़ियों में मिला शव, इलाके में सनसनी
संवादाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब नेजा चढ़ाने आए एक युवक की चाकू से हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया गया। सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र में नुमाइश के पास स्थित एचपी पेट्रोल पंप के निकट की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक नेजा चढ़ाने के लिए आया था, तभी अज्ञात लोगों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को मौत के घाट उतारने के बाद शव को पास की झाड़ियों में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
सुबह जब आसपास के लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई, जिसमें मृतक की पहचान रजनेश पुत्र नेक्से निवासी करीमगंज के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।












