नवरात्रि पर्व सकुशल सम्पन्न कराने हेतु मां बाराही देवी धाम पर सघन सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण।।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ
नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ एवं सुरक्षा के दृष्टिगत आज दिनांक 26.03.2026 को पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर द्वारा क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री विनय प्रभाकर साहनी के साथ थाना रानीगंज क्षेत्रान्तर्गत मां बाराही देवी धाम, रानीगंज में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया गया।। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का गहनता से अवलोकन किया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों की सतर्कता, तैनाती एवं कर्तव्य निर्वहन की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोपरि रखते हुए प्रत्येक बिंदु पर पूर्ण सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु पर विशेष नजर रखी जाए। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि भीड़ प्रबंधन को सुव्यवस्थित रखते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाया जाए, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त महिला पुलिस बल की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित करने एवं आपात स्थिति से निपटने हेतु त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।।निरीक्षण उपरांत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा मां बाराही देवी धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई। साथ ही मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उनका फीडबैक प्राप्त किया गया तथा उनकी समस्याओं/सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।। जनपद पुलिस द्वारा नवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु निरंतर सतर्कता एवं प्रभावी पुलिसिंग की जा रही है।।












