प्रयागराज में सनसनी: पत्नी की हत्या कर 5 घंटे तक शव के पास बैठा रहा पति, खुद पुलिस को किया फोन
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान 

प्रयागराज। जिले के झूंसी थाना क्षेत्र के चमनगंज बाजार में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पति ने इलेक्ट्रिक प्रेस से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ 8 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के बाद महिला करीब 5 घंटे तक लहूलुहान हालत में तड़पती रही, जबकि आरोपी पति उसके सामने बैठा उसे देखता रहा। जब महिला की मौत हो गई, तब आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। उसने कहा—“मैंने अपनी पत्नी का मर्डर कर दिया है, डेडबॉडी घर पर है।”
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां आरोपी पति पत्नी के शव के पास बैठा मिला। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी अक्सर उस पर दबाव बनाती थी कि वह अपनी मां और बहन को छोड़कर सिर्फ उसके साथ रहे। इसी बात को लेकर बुधवार रात करीब 1:30 बजे दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब 5 साल पहले लव मैरिज की थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












