हाईटेंशन लाइन बनी काल: कंबाइन पर चढ़े युवक की करंट से मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
जनपद प्रतापगढ़ के थाना कोहड़ौर इलाके के सरौली में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में 25 वर्षीय युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। सरौली निवासी शोएब खान का बड़ा बेटा शहजाद (25) गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पड़ोसी गांव में अपनी निजी कंबाइन हार्वेस्टर मशीन से गेहूं की कटाई कर रहा था। इसी दौरान मशीन से फसल सही तरीके से ऊपर नहीं जा रही थी, जिसे ठीक करने के लिए वह कंबाइन के ऊपर चढ़ गया।
बताया जाता है कि उसी समय ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने से वह झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।शहजाद दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। जवान बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से हाईटेंशन लाइन नीचे झूल रही थी, जिसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते लाइन को ऊंचा करा दिया जाता, तो यह हादसा टल सकता था।घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और लोग जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।












