संभल में दिल दहला देने वाली वारदात
स्टेट ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत




8 साल के बेटे के सामने पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी फरार
संभल जिले के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपने ही 8 साल के इकलौते बेटे के सामने पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मासूम बेटे की आंखों के सामने हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका के बेटे ने बताया कि पिता ने मां को बुरी तरह पीटा। इसके बाद वह बार-बार मां के चेहरे पर पानी डालकर यह देखता रहा कि वह जिंदा हैं या मर चुकी हैं। घटना के बाद आरोपी ने खुद ही पत्नी के मायके वालों को उसकी मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतका के मामा प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्हें भांजी की मौत संदिग्ध लगी। जब उन्होंने ससुराल पक्ष से मौत का कारण पूछा तो वे उलझने लगे और बहस करने लगे। इस पर प्रमोद कुमार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष के लोग जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन मामा के पहुंचने के बाद मामला खुल गया और हंगामा शुरू हो गया। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी पति पान सिंह अपने परिवार के साथ फरार हो गया। मृतका गौरी (32) की शादी करीब 9 साल पहले अमरोहा के ज्योति नगर निवासी रामचंद्र कश्यप ने चंदौसी के रामनगर निवासी पान सिंह से की थी। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) चंदौसी दीपक तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












