एटा में कचहरी रोड का कायाकल्प शुरू, सीसी सड़क निर्माण का विधिवत शुभारंभ
संवाददाता अमन अहमद।
एटा। नगर क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को गति देते हुए कचहरी रोड के पुनर्निर्माण की शुरुआत हो गई है। 29 मार्च 2026 को नगर पालिका परिषद के प्रतिनिधि पंकज गुप्ता ने इस महत्वपूर्ण परियोजना का विधि-विधान से शुभारंभ किया। पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। यह सीसी सड़क बीएसपी कार्यालय से लेकर दीवानी चौराहे तक बनाई जाएगी। कचहरी रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में गिनी जाती है, जहां प्रतिदिन न्यायाधीश, अधिवक्ता, पुलिसकर्मी और आम नागरिक बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पंकज गुप्ता ने बताया कि नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और कचहरी रोड का निर्माण उसी दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा, जिससे आम जनता को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका परिषद का लक्ष्य शहर के सभी क्षेत्रों में बेहतर सड़क, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में अन्य जर्जर सड़कों का सर्वे कराकर उनके निर्माण की भी योजना बनाई जा रही है। शुभारंभ के मौके पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, व्यापारी, अधिवक्ता तथा नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए नगर में तेजी से हो रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।












