एचटी लाइन की चिंगारी से झोपड़ी में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
संवाददाता रोहित कुमार
इटावा, 31 मार्च 2026 जनपद के भरथना क्षेत्र के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाईटेंशन (एचटी) लाइन से निकली चिंगारी एक झोपड़ी पर गिर गई। देखते ही देखते झोपड़ी में आग लग गई और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक उठी लपटों ने कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आकर झोपड़ी में रखा भूसा, गेहूं, चारपाई सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे में बंधे हुए पशु भी झुलस गए, जिससे ग्रामीणों में भारी दुख और आक्रोश देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। सूचना पर स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गुजर रही एचटी लाइन की देखरेख ठीक से नहीं हो रही है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने और लाइन की मरम्मत कराने की मांग की है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।












