एटा में बाजार से महिला और डेढ़ साल की बच्ची लापता, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार
एटा जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार से एक महिला अपनी डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और काफी तलाश के बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है।
जानकारी के अनुसार, वृंदावन गांव निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके बेटे बृजेश कुमार उर्फ रिंकू की पत्नी साधना 25 मार्च को अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ ई-रिक्शा से एटा आई थी। बाबूगंज मार्केट पहुंचकर साधना खरीदारी के लिए ई-रिक्शा से उतर गई।
बताया जा रहा है कि साधना ने अपने पति रिंकू से कहा था कि वह एक घंटे बाद फोन करेगी, जिसके बाद वह उसे लेने आ जाए। इसके बाद रिंकू अपना ई-रिक्शा चलाने चला गया। तय समय पर जब वह वापस पहुंचा तो साधना और बच्ची का कोई पता नहीं चला। उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। घटना के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः परिजनों ने कोतवाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और महिला व बच्ची की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।












