लखनऊ में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: बिल जमा करते ही 2 घंटे में जुड़ेगा कनेक्शन
स्टेट ब्यूरो चीफ विष्णु रावत
लखनऊ में स्मार्ट मीटर इस्तेमाल करने वाले बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब यदि किसी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन स्मार्ट मीटर के कारण कट जाता है, तो बिल जमा करने के मात्र 2 घंटे के भीतर कनेक्शन दोबारा जोड़ दिया जाएगा। मंगलवार को लखनऊ में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) की एमडी रिया केजरीवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था को उपभोक्ताओं के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाया जा रहा है।
नेगेटिव बैलेंस पर सिर्फ 3 दिन का ग्रेस पीरियड
एमडी ने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल नेगेटिव में चला जाता है, तो अब केवल 3 दिन का ही ग्रेस पीरियड मिलेगा। इस दौरान भुगतान न करने पर कनेक्शन कट सकता है।
स्मार्ट ऐप से मिलेगी पूरी जानकारी
उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल का स्मार्ट ऐप डाउनलोड करना होगा। इसी ऐप के माध्यम से बिल, खपत, भुगतान और कनेक्शन से जुड़ी सभी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। अब उपभोक्ताओं को लाइनमैन के पीछे भागने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मीटर रीडिंग को लेकर भ्रम दूर
स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर उठ रहे सवालों पर एमडी ने साफ किया कि मध्यांचल क्षेत्र में 69 हजार चेक मीटर लगाए गए हैं, लेकिन किसी भी मीटर में रीडिंग का अंतर नहीं पाया गया है।
सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने की पहल
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देना और सिस्टम में पारदर्शिता लाना है। इससे मानवीय हस्तक्षेप कम हुआ है और कामकाज अधिक प्रभावी हुआ है।
जागरूकता के लिए अभियान जारी
नए नियमों और सुविधाओं की जानकारी देने के लिए विभाग द्वारा लाखों उपभोक्ताओं को मैसेज भेजकर जागरूक किया जा रहा है।












