एटा जिला अस्पताल में सफाईकर्मी ने लगाया गंभीर आरोप: डॉक्टर पर अभद्रता और जातिसूचक टिप्पणी का मामला गरमाया
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार
एटा के जिला चिकित्सालय में इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान एक सफाईकर्मी ने डॉक्टर पर अभद्र व्यवहार और जातिसूचक गालियां देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पीड़ित सफाईकर्मी मुकेश कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) सुरेश चंद्रा को लिखित शिकायत देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है जब मुकेश इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। बताया गया कि उसी दौरान विषाक्त पदार्थ का सेवन करने वाले दो मरीजों को अस्पताल लाया गया, जिनके कारण ऑपरेशन थिएटर (OT) में गंदगी फैल गई थी। मुकेश कुमार जब फर्श की सफाई कर रहे थे, तभी डॉक्टर अकबर वहां पहुंचे और उन्हें ऊपर का हिस्सा पहले साफ करने को कहा। मुकेश का आरोप है कि जब उन्होंने पहले नीचे की सफाई पूरी करने की बात कही, तो डॉक्टर अकबर नाराज हो गए। उन्होंने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जातिसूचक गालियां दीं, जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची। इस पूरे मामले को लेकर सफाईकर्मी ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, जब CMS सुरेश चंद्रा से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वह किसी कार्यवश बाहर हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वापस लौटने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, यह मामला अस्पताल प्रशासन के संज्ञान में है और जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












