एटा मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था: ओपीडी में लंबी कतार, 11:30 बजे ही डॉक्टर-स्टाफ गायब
जिला संवाददाता: काव्यांश रावत
एटा। जनपद के मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। मंगलवार को ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जब डॉक्टर और स्टाफ समय से पहले ही अनुपस्थित हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह से ही ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार लगी हुई थी। पर्ची काउंटर पर पंजीकरण जारी था और मरीज अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। लेकिन करीब 11:30 बजे डॉक्टरों और स्टाफ ने “हाफ डे” का हवाला देते हुए अचानक काम बंद कर दिया और मौके से चले गए।
सबसे बड़ी समस्या यह रही कि अस्पताल प्रशासन की ओर से पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी। न तो ओपीडी बंद होने की जानकारी सार्वजनिक की गई और न ही मरीजों को किसी प्रकार से अवगत कराया गया। परिणामस्वरूप, कई मरीज घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद बिना इलाज कराए लौटने को मजबूर हो गए।
इस घटना को लेकर मरीजों और उनके परिजनों में खासा आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना है कि यदि छुट्टी करनी थी, तो पर्ची क्यों बनाई गई और मरीजों को लाइन में क्यों खड़ा रखा गया। समय रहते सूचना दी जाती तो वे इस परेशानी से बच सकते थे।
अब बड़ा सवाल यह है कि मरीजों को हुई इस असुविधा की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या अस्पताल प्रशासन इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई करेगा या फिर ऐसी लापरवाही आगे भी जारी रहेगी?
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
ये भी पढ़ें एटा में बाजार से महिला और डेढ़ साल की बच्ची लापता, पुलिस जांच में जुटी












