जनपद एटा में नए एसएसपी ने संभाला पदभार, सख्त एक्शन का संकेत
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा को नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में डॉ. इलामारन मिल गए हैं। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाने के संकेत दे दिए हैं। पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसएसपी डॉ. इलामारन ने मीडिया कर्मियों से परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और माफियाओं की सूची तैयार कर उनके खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। महिला अपराधों में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। साथ ही अवैध शराब और अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर ऐसे अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाने की बात कही।
पुलिस लाइन में आयोजित इस प्रेस वार्ता के साथ ही नए एसएसपी ने जनपद की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपने तेवर साफ कर दिए हैं।












