कुंडा में नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय का राजा भइया ने किया उद्घाटन
संवाददाता अमित पांडेय
एमएलसी गोपाल भइया, विधायक विनोद सरोज समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद; एसडीएम अजय कुमार यादव की शायरी ने बांधा समां
कुंडा/प्रतापगढ़। कुंडा तहसील परिसर में नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय का उद्घाटन जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक राजा भइया ने किया। कार्यक्रम में प्रतापगढ़ के एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह (गोपाल भइया), बाबागंज विधायक विनोद सरोज और जनसत्ता दल के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कैलाश नाथ ओझा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अधिवक्ताओं और तहसील के अधिकारियों ने राजा भइया का भव्य स्वागत किया। इस दौरान राजा भइया ने कहा, “मंत्री रहते हुए मेरा प्रयास था कि कुंडा का उप निबंधक कार्यालय भव्य और बेहतरीन बने।” उन्होंने कार्यालय के निर्माण से जुड़ी अपनी पुरानी पहल का भी उल्लेख किया।
समारोह में कुंडा के एसडीएम अजय कुमार यादव की विशेष चर्चा रही। राजा भइया ने उन्हें लोकप्रिय एसडीएम बताते हुए सराहना की। वहीं, एसडीएम द्वारा राजा भइया को समर्पित शायरी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनकी शायरी सुनकर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
नवनिर्मित कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अधिवक्ताओं की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही।











