ग्राम चौकीदारों को मिला नया परिधान, पुलिस अधीक्षक ने बांटे सफारी सूट
रिपोर्टर: अजय कुमार गाजीपुर। जनपद के सभी थानों के वार्षिक निरीक्षण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा द्वारा थाना नंदगंज परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के ग्राम चौकीदारों को सफारी सूट वितरित किए गए।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस के सूचना तंत्र को और मजबूत करना तथा ग्राम चौकीदारों के मनोबल को बढ़ाना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चौकीदार पुलिस और आम जनता के बीच एक अहम कड़ी होते हैं, इसलिए उनकी पहचान और सम्मान सुनिश्चित करना जरूरी है।
नए परिधान से चौकीदारों को एकरूपता के साथ-साथ समाज में एक अलग पहचान मिलेगी, जिससे उनके कार्यों में अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उन्हें ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
सफारी सूट पाकर चौकीदारों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
बताया गया कि इसी क्रम में जनपद के अन्य सभी थानों पर भी ग्राम चौकीदारों को सफारी सूट वितरित किए गए हैं।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी भुड़कुडा, थाना नंदगंज प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर ट्रेलर टकराकर उगला आग का गोला, कूद कर भागा ड्राइवर












