कुसमरा हत्याकांड का खुलासा: सगी बहन ने प्रेमी संग मिलकर भाई की गोली मारकर हत्या की, मासूम के बयान से खुली साजिश
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद के कुसमरा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी सिटी ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी सगी बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी बहन और उसके प्रेमी ने घर के अंदर ही युवक को गोली मार दी। घटना को छिपाने के लिए दोनों ने शव को रात में घर से बाहर ले जाकर पास की झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि मामला गुमशुदगी का लगे। इस पूरे मामले का खुलासा एक मासूम बच्चे के बयान से हुआ। बच्चे ने पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज की। पूछताछ के दौरान आरोपी प्रेमी ने जुर्म कबूल कर लिया और पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस टीम पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके।












