एटा में अंतर्राज्यीय ठगी गैंग का पर्दाफाश, 5 पुरुष व 3 महिलाएं गिरफ्तार
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा में कोतवाली नगर पुलिस, सर्विलांस, स्वाट एवं इंटेलीजेंस विंग की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर्राज्यीय चोर/ठगी गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के 5 शातिर पुरुष अभियुक्तों और 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 50,400 रुपये नकद समेत बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, चेकबुक, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
गिरोह का तरीका (Modus Operandi)
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह दक्षिण भारत से आकर उत्तर भारत के विभिन्न शहरों में सक्रिय रहता था। अभियुक्त बैंक और एटीएम के आसपास निगरानी कर ऐसे लोगों को चिन्हित करते थे, जो बड़ी रकम निकालते थे।
इसके बाद आरोपी बहानेबाजी (जैसे गाड़ी में गंदगी डालना, टायर पंचर बताना, पैसे गिरने का झांसा देना आदि) कर पीड़ित का ध्यान भटका देते थे। जैसे ही व्यक्ति असावधान होता, गिरोह के अन्य सदस्य उसकी गाड़ी या बैग से नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी घटना के बाद तुरंत दूसरे राज्य में निकल जाते थे।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से 50,400 रुपये नकद, 3 एटीएम कार्ड, 8 आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, 5 पासबुक, 7 चेकबुक, एक ड्राइविंग लाइसेंस, दो छोटे चाकू, सफेद धातु के सिक्के, बैग व घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए हैं
पुलिस टीम को इनाम: इस पूरे मामले का सफल खुलासा करने वाली टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने 25,000 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर प्रेमपाल सिंह, स्वाट टीम प्रभारी एस.के. निगम, इंटेलीजेंस विंग और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।
ये भी पढ़ें टअग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित












