पत्नी ही निकली पति की हत्या की मुख्य साजिशकर्ता, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
जिला संवाददाता अमित शुक्ला कुंडा/प्रतापगढ़। जनपद के थाना हथिगवां क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को ही मुख्य साजिशकर्ता बताया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिलाया।
बताया जा रहा है कि 19 अप्रैल 2026 की सुबह देवीदीन यादव का शव घर के बाहर चारपाई पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव के गले पर कसाव के निशान थे तथा मुंह और नाक से खून निकल रहा था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में थाना हथिगवां के तेज तर्राक थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी रीना यादव ने अपने सहयोगियों सुभाष पाल और गुड्डू पटेल के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस खुलासे के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का पर्दाफाश होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।












