एटा में कांग्रेस का प्रदर्शन: 5000 जूनियर स्कूल बंदी के फैसले पर जताया विरोध, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
संवादाता अमन अहमद: एटा। उत्तर प्रदेश में करीब 5000 जूनियर स्कूलों को बंद करने की सरकार की योजना के खिलाफ एटा में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को शहर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ता धरना स्थल पर एकत्र हुए और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह को सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के मर्जर से ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों बच्चों की शिक्षा पर संकट मंडरा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला शिक्षा के स्तर को गिराने वाला है और इससे स्कूली बच्चों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।
शहर कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत पाराशर बाल्मीकि ने बताया कि यह निर्णय न केवल बच्चों की पढ़ाई पर असर डालेगा, बल्कि हजारों शिक्षकों और कर्मियों की नौकरियों पर भी खतरा बन गया है। पार्टी ने सरकार से निजी विद्यालयों की मान्यता रद्द करने की भी मांग की है, जो सरकारी स्कूलों के समीप संचालित हो रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने ऐलान किया कि यदि यह फैसला वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपते समय दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और “शिक्षा बचाओ – स्कूल बचाओ” के नारे लगाए।
ये भी पढ़ें सांप डसे तो झाड-फूक में समय न गवाएं, शीघ्र अस्पताल पहुंचे












