मेडिकल कॉलेज एटा की बदहाल व्यवस्था उजागर ऑपरेशन के बाद मरीज को तीमारदार ने खुद खींचा स्ट्रेचर
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। जनपद के मेडिकल कॉलेज एटा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में ऑपरेशन के बाद एक मरीज को वार्ड तक ले जाने के लिए कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं दिखता, जिसके चलते एक महिला तीमारदार खुद स्ट्रेचर खींचकर मरीज को ले जाती नजर आ रही है।
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि अस्पताल में न तो वार्ड बॉय मौजूद है और न ही कोई जिम्मेदार कर्मचारी सहायता के लिए आगे आता है। यह स्थिति अस्पताल की कार्यप्रणाली और प्रबंधन पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला एटा के मेडिकल कॉलेज का बताया जा रहा है, जहां पहले भी व्यवस्थाओं को लेकर कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी अब तक चुप्पी साधे हुए हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और मरीजों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि जब सरकारी अस्पतालों में इस तरह की लापरवाही होगी, तो आम जनता को बेहतर इलाज कैसे मिल पाएगा।
स्वास्थ्य विभाग लगातार बेहतर सेवाओं के दावे करता रहा है, लेकिन इस तरह के वीडियो इन दावों की हकीकत बयां कर रहे हैं। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसी लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है और क्या इस मामले में कोई कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें राजापुर मुफरीद में झाबर खेल का भव्य आयोजन, डॉ. नीरज त्रिपाठी ने किया उद्घाटन












