गाजियाबाद तहसील परिसर में गूंजा गौ सम्मान का स्वर, 15 हजार से अधिक हस्ताक्षरों सहित सौंपा गया ज्ञापन
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा 
गाजियाबाद। गाजियाबाद तहसील परिसर में आयोजित गौ सम्मान आवाहन अभियान के अंतर्गत सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर गौ माता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में गौ भक्तों, संत समाज एवं सामाजिक संगठनों के लोगों ने सहभागिता करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। अभियान के तहत गौशालाओं हेतु सरकारी चारा अनुदान, गौ हत्या कानून का सख्ती से पालन तथा गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिए जाने की प्रमुख मांग रखी गई। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने गौ संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान नरेश भैया, मछेंदरपुरी महाराज, नवनीत प्रिय दास एवं मुकुंद महाराज जी सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी संतों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम 15,000 से अधिक हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना पत्र तहसीलदार को सौंपा।वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है और उनके संरक्षण के लिए ठोस नीतियां एवं प्रभावी योजनाएं लागू की जानी चाहिए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।












