थाना जसरथपुर में ASP श्वेताभ पाण्डेय का औचक निरीक्षण प्रशिक्षु आरक्षियों को दिए व्यवहारिक प्रशिक्षण के निर्देश
संवाददाता मुकेश कुमार 


एटा जनपद में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने थाना जसरथपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ASP ने प्रशिक्षु आरक्षियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बैरक में रहने की व्यवस्था, मैस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर फीडबैक लिया। साथ ही प्रशिक्षुओं को उनकी ड्यूटी, जिम्मेदारियों और व्यवहारिक प्रशिक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता और अनुशासन पुलिस कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ASP पाण्डेय ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से लिया जाए। इसके अलावा उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, महिला सहायता डेस्क पर आने वाली शिकायतों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और ‘मिशन शक्ति’ के तहत संचालित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ में हड़कंप का माहौल रहा, वहीं अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का आश्वासन दिया।












