यूपी में प्री-पेड बिजली मीटर व्यवस्था खत्म, अब पोस्टपेड की तरह होंगे संचालित
ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। सरकार ने स्मार्ट प्री-पेड बिजली मीटर व्यवस्था को समाप्त करने का औपचारिक आदेश जारी कर दिया है। अब सभी स्मार्ट प्री-पेड मीटर पोस्टपेड मीटर की तरह कार्य करेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार रिचार्ज कराने की परेशानी से राहत मिलेगी।
सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ दिन पहले ही यह निर्णय लिया गया था कि प्रदेश में लगाए गए सभी स्मार्ट प्री-पेड मीटरों को पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित किया जाएगा। अब इस संबंध में औपचारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
सरकार ने विद्युत उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा है कि बिजली बिलों से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए प्रदेशभर में जगह-जगह विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा, ताकि लोगों को बिजली विभाग के चक्कर न लगाने पड़ें।
बताया जा रहा है कि कई क्षेत्रों से प्री-पेड मीटरों में अधिक बिलिंग और तकनीकी समस्याओं की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी को देखते हुए सरकार ने उपभोक्ताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह बड़ा फैसला लिया है।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को पहले की तरह बिजली उपयोग करने के बाद बिल भुगतान की सुविधा मिलेगी। साथ ही बिल संबंधी विवादों के समाधान के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
ये भी पढ़ें मैनपुरी पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल: 66 पुलिसकर्मियों के तबादले, कई थानों की बदली कमान












