कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला 43 वर्षीय व्यक्ति का शव, गांव में मचा हड़कंप
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू की
जनपद Etah के थाना पिलुआ क्षेत्र अंतर्गत गांव दरवपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 43 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अरविंद पुत्र महावीर सिंह उम्र करीब 43 वर्ष निवासी गांव दरवपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिजनों ने जब कमरे के अंदर अरविंद का शव फंदे से लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल थाना पिलुआ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक ने आत्महत्या की है या फिर मामला किसी अन्य वजह से जुड़ा है, इसको लेकर जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव दरवपुर में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक सामान्य स्वभाव का व्यक्ति था, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना — थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव दरवपुर, जनपद एटा की












