थाने से टायर गायब, खबर छापने वाले पत्रकार पर कार्रवाई! बसंतपुर पुलिस की कार्यशैली पर उठे बड़े सवाल

थाने से टायर गायब, खबर छापने वाले पत्रकार पर कार्रवाई! बसंतपुर पुलिस की कार्यशैली पर उठे बड़े सवाल

जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र से सामने आए एक मामले ने पुलिस कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना परिसर से कथित रूप से जब्त वाहन के टायर और धान गायब होने की खबर के बाद अब इस मामले को उजागर करने वाले पत्रकार पर ही कार्रवाई किए जाने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। जानकारी के अनुसार, बसंतपुर थाना में पहले से जब्त एक वाहन से टायर गायब होने तथा पुलिस कस्टडी में रखे धान की मात्रा कम होने की बात सामने आई थी। इस पूरे मामले को स्थानीय पत्रकार रामहरी गुप्ता ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठने लगे थे।बताया जा रहा है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद थाना बसंतपुर पुलिस ने पत्रकार रामहरी गुप्ता के खिलाफ धारा 308(2)(6) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की। पुलिस द्वारा जारी गिरफ्तारी सूचना में आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने का उल्लेख भी किया गया है। इस कार्रवाई के बाद पत्रकार संगठनों और स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि थाना परिसर से सामान गायब होने जैसे गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार पर कार्रवाई करना कई संदेहों को जन्म देता है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि थाना परिसर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था पर कैसे भरोसा किया जाए। वहीं पत्रकारों का कहना है कि मीडिया का काम सच को सामने लाना है और यदि समाचार प्रकाशित करने पर ही पत्रकारों को कार्रवाई का सामना करना पड़े, तो यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र दोनों के लिए चिंाजनक स्थिति है। क्षेत्र में यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर गायब बताए जा रहे टायर बरामद हुए या नहीं? यदि टायर मिले हैं तो क्या पुलिस ने उन्हें विधिवत जप्त किया? मामले की जांच किस स्तर तक पहुंची और अब तक दोषियों पर क्या कार्रवाई हुई — इन सवालों के स्पष्ट जवाब सामने नहीं आए हैं। पूरे घटनाक्रम के बाद लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। नागरिकों और पत्रकार संगठनों का कहना है कि थाना से गायब सामान और पत्रकार पर हुई कार्रवाई — दोनों मामलों की पारदर्शी जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें