बुलंदशहर कचहरी परिसर में वकीलों के दो पक्षों में फायरिंग, दो घायल
मंडल संवाददाता अमित चौहान 

बुलंदशहर में रविवार को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कचहरी परिसर में चैम्बर का ताला खोलने को लेकर वकीलों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष द्वारा फायरिंग कर दी गई, जिसमें दूसरे पक्ष के दो लोगों के पैर में गोली लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार दोनों घायलों की हालत सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Dinesh Kumar Singh मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित अधिवक्ताओं से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि प्रकरण में निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। इसके बाद एसएसपी ने राणा अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी लेते हुए बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिजनों को भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












